ताजा खबर

झांसी-खजुराहो हाईवे पर दर्दनाक हादसा, डिवाइडर से टकराई बाइक; युवक की मौत, साथी घायल

Photo Source : Google

Posted On:Monday, March 16, 2026

झांसी न्यूज डेस्क: झांसी-खजुराहो हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। यह दुर्घटना तब हुई जब तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान 32 वर्षीय राजाराम पुत्र गणेश अहिरवार, निवासी गांव छिराबल, जिला छतरपुर के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक वह निजी काम करता था। शनिवार शाम वह अपने दोस्त विकास के साथ बाइक से छतरपुर जा रहा था। रात करीब 11 बजे जब दोनों सकरार के पास पहुंचे, तभी उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।

हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राजाराम के सिर, हाथ और पैर में गहरी चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान राजाराम की हालत गंभीर बनी रही और कुछ देर बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने बताया कि करीब छह महीने पहले ही उसकी पत्नी गीता की आग में झुलसने से मौत हो गई थी। परिवार में उसका पांच साल का बेटा और तीन साल की बेटी हैं, जिनकी परवरिश वह अकेले कर रहा था। उसकी मौत से दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया भी उठ गया। नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि घायल अवस्था में उसे मेडिकल अस्पताल लाया गया था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।


झाँसी, देश और दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. jhansivocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.